नकली शराब सिंडिकेट पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, फरार मुख्य आरोपी के घर दबिश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
240 लीटर नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा, आरोपी विनय ठाकुर को तीन दिन में थाने में उपस्थित होने का नोटिस
रायगढ़ ACGN:- जिले में अवैध और नकली शराब कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नकली शराब सिंडिकेट के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके निवास पर दबिश देकर नोटिस चस्पा किया है। आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विकास नगर गली नंबर-3 स्थित आरोपी के घर पहुंचकर कार्रवाई की। घर में ताला लगा होने और आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नोटिस चस्पा किया।
पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम धनागर में नकली शराब बनाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, शराब निर्माण सामग्री, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, होलोग्राम और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई थी।
मामले में मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार संचालित करने की बात स्वीकार की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह फार्म हाउस में शराब का भंडारण करता था और स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाकर नकली शराब तैयार करता था। शराब को असली दिखाने के लिए उसमें रंग मिलाकर फर्जी होलोग्राम और लेबल लगाए जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची और बड़ी संख्या में खाली बोतलें भी जब्त की थीं।


मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्ति का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नकली शराब का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
















































