अवैध स्क्रैप और बैटरी कारोबार पर पर्यावरण मंडल सख्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
बिना पंजीयन और दस्तावेजों के बैटरी अपशिष्ट का संग्रहण, भंडारण और व्यापार पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य के लिए खतरा
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से स्क्रैप और प्रयुक्त बैटरियों के कारोबार पर अब सख्ती की जाएगी। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने राज्यभर में अवैध रूप से बैटरी अपशिष्ट के संग्रहण, भंडारण, परिवहन, पुनर्चक्रण और व्यापार में लगे लोगों एवं संस्थाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पर्यावरण मंडल ने सभी कबाड़ संचालकों, स्क्रैप डीलरों, व्यापारियों, परिवहनकर्ताओं और बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े लोगों को निर्देश दिए हैं कि वे बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2022 एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के अनुसार ही अपना संचालन करें।
मंडल के अनुसार राज्य के कुछ क्षेत्रों में बिना आवश्यक पंजीयन, अनुमति और वैध दस्तावेजों के प्रयुक्त एवं खराब बैटरियों का संग्रहण, भंडारण और खरीद-बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसी गतिविधियां पर्यावरण और आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।
बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2022 के तहत प्रयुक्त बैटरियों का संग्रहण, परिवहन, भंडारण और व्यापार केवल अधिकृत एवं पंजीकृत संस्थाओं द्वारा ही किया जा सकता है। इसके लिए सुरक्षा मानकों का पालन करना और आवश्यक रिकॉर्ड संधारित करना अनिवार्य है।
पर्यावरण मंडल ने स्पष्ट किया है कि खुले स्थानों पर बैटरी अपशिष्ट रखना, अनधिकृत तरीके से संग्रह करना या पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करना कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2022 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
राज्यभर में विशेष निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों, फर्मों और संस्थानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर उल्लंघन मिलने पर न्यायालयीन कार्रवाई भी की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने सभी संबंधित लोगों से तत्काल अपने कारोबार को नियमों के अनुरूप करने और आवश्यक पंजीयन व अनुमति लेने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों से भी अवैध स्क्रैप या बैटरी अपशिष्ट कारोबार की जानकारी संबंधित कार्यालयों को देने का आग्रह किया गया है।
मंडल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


