शिक्षा के साथ समावेशी समाज निर्माण की मिसाल बनीं व्याख्याता शांति सोनी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :-
नवाचार, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सहयोग, साक्षरता अभियान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
जिला बिलासपुर ACGN:- शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महमंद की वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती शांति सोनी शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को व्यवहारिक रूप देने के साथ वे समावेशी शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, साक्षरता विस्तार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही हैं।

श्रीमती शांति सोनी ने समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए दृष्टिबाधित एवं विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग किया। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सम्मानीय सुश्री के. शारदा मैडम के साथ मिलकर उन्होंने वर्ल्ड ऑडियो बुक निर्माण परियोजना में सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस परियोजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विज्ञान तथा कक्षा 11वीं के इतिहास विषय की ऑडियो अध्ययन सामग्री तैयार करने में उन्होंने अपना योगदान दिया। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए सुश्री के. शारदा मैडम सहित 30 शिक्षकों की टीम को छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका द्वारा सम्मानित किया गया। इस पहल से दृष्टिबाधित एवं विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को अध्ययन में सुविधा मिल रही है और शिक्षा में समान अवसर की भावना को मजबूती मिली है।

साक्षरता विस्तार के क्षेत्र में भी श्रीमती शांति सोनी का योगदान प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने ग्राम महमंद की महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए। कक्षा 10वीं और 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों की टीम के साथ उन्होंने अवकाश के दिनों में भी साक्षरता अभियान को आगे बढ़ाया और महिलाओं को साक्षरता महापरीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से अनेक महिलाओं ने परीक्षा में भाग लेकर सफलता हासिल की तथा प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। इस अभियान से महिलाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी की भावना विकसित हुई।
श्रीमती शांति सोनी का कार्य केवल एक शिक्षिका की भूमिका तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देने वाली प्रेरक व्यक्तित्व के रूप में पहचान बना रही हैं। शिक्षा में नवाचार, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समावेशी प्रयास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति जागरूकता और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में उनका निरंतर कार्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना को साकार करता है।
उनकी पहल यह संदेश देती है कि एक शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाला मार्गदर्शक भी होता है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


