शंकर नगर बी.टी.आई. ग्राउंड सहित पांच शहरों में रिडेवलपमेंट परियोजनाओं को मिली रफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
19 एकड़ से अधिक भूमि पर होगा आधुनिक विकास, शासकीय परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग से बदलेगी शहरों की तस्वीर
रायपुर ACGN:- छत्तीसगढ़ में शहरी विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने रिडेवलपमेंट योजना के तहत पांच प्रमुख परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा जारी निविदाओं के माध्यम से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में आधुनिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी।
इन परियोजनाओं को राज्य की रिडेवलपमेंट नीति के अंतर्गत विकसित किया जाएगा। इसके लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग को नोडल विभाग तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को क्रियान्वयन एजेंसी की जिम्मेदारी दी गई है।
मंडल द्वारा सभी परियोजनाओं की प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर निजी डेवलपर्स के चयन के लिए पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाई गई है। मंत्रिपरिषद से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजनाओं के अंतिम स्वरूप को मंजूरी दी गई।
इन पांचों परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल लगभग 19.14 एकड़ है, जिनका अनुमानित मूल्य करीब 250 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। योजनाएं रायपुर के बी.टी.आई. रोड शंकर नगर, महासमुंद के क्लब पारा, राजनांदगांव के कैलाश नगर, कोरबा के कटघोरा और जगदलपुर के चांदनी चौक फेज-2 में विकसित की जाएंगी।
राजधानी रायपुर की शंकर नगर स्थित परियोजना विशेष महत्व रखती है। बी.टी.आई. ग्राउंड के सामने और सिंधु भवन के समीप स्थित यह क्षेत्र शहर के प्रमुख शैक्षणिक, प्रशासनिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में शामिल है। परियोजना पूरी होने के बाद यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त अधोसंरचना विकसित होगी और शासकीय भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
रिडेवलपमेंट योजना के तहत जर्जर और अनुपयोगी शासकीय परिसंपत्तियों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य बिना अतिरिक्त वित्तीय भार के शासकीय भूमि के मूल्य का उपयोग कर विकास कार्यों को गति देना है। इससे जहां शहरों का कायाकल्प होगा, वहीं शासन को अतिरिक्त राजस्व मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी विकास को नई गति देने के लिए लगातार काम कर रही है। रिडेवलपमेंट नीति से पुराने संसाधनों को आधुनिक सुविधाओं में बदला जाएगा और शहरों को बेहतर स्वरूप मिलेगा।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि ये परियोजनाएं केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शहरों के समग्र विकास और कायाकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि शंकर नगर की परियोजना राजधानी रायपुर के लिए एक आदर्श शहरी विकास मॉडल साबित होगी।
मंडल द्वारा इन योजनाओं को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने आगामी समय में रिडेवलपमेंट की आठ नई परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


