लूट की वारदात का खुलासा, ऑपरेशन क्लीन हंट में तीन आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
उर्दना तिराहा के पास युवक से ₹7 हजार नगद और मोबाइल लूटने वाले आरोपी पकड़ाए, लूटा मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
रायगढ़ ACGN:- जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने मार्च माह में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पोको मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई में पुलिस ने लूट करने वाले दो आरोपियों के साथ चोरी की संपत्ति को कम कीमत में खरीदकर उपयोग करने वाले तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सुमित सिकदार निवासी सुभाष नगर बंगाली कॉलोनी बोईरदादर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मार्च की रात करीब 11:30 बजे उर्दना तिराहा के पास काले रंग की पल्सर बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और उसकी जेब से ₹7 हजार नगद तथा पोको कंपनी का मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।
मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को लूटे गए मोबाइल के उपयोग की जानकारी मिली। पुलिस ने मोबाइल उपयोगकर्ता आदित्य चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने मोबाइल आशु बरेठ से केवल ₹800 में खरीदना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर लूटा गया मोबाइल बरामद किया और इसके बाद धांगरडीपा क्षेत्र में दबिश देकर आशु बरेठ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी आशीष महंत और श्याम बरेठ के साथ मिलकर उर्दना तिराहा-रामपुर मार्ग पर वारदात करना स्वीकार किया।

आरोपी आशु बरेठ की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AZ-6176 जब्त की। वहीं दूसरे आरोपी श्याम बरेठ को भी गिरफ्तार किया गया। मामले का एक अन्य आरोपी आशीष महंत पहले से ही एक अन्य लूट मामले में जेल में बंद है।
पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद मोबाइल खरीदने वाले आदित्य चौधरी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण में धारा 317(1) बीएनएस जोड़ी है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में आशु बरेठ उम्र 19 वर्ष, श्याम बरेठ उम्र 20 वर्ष और आदित्य चौधरी उम्र 21 वर्ष शामिल हैं, सभी रायगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। लूट, चोरी और ऐसे अपराधों से जुड़ी संपत्ति को खरीदने या उपयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


