हर ग्राम पंचायत में हो गौ आश्रम, गौ पालन से रोजगार, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा : महंत त्यागी जी महाराज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
महंत त्यागी जी महाराज की शासन से अपील – गौ सेवा और गौ पालन को मिले प्रोत्साहन, गांव-गांव में बने आत्मनिर्भरता का माध्यम
राजनांदगांव ACGN :- राजनांदगांव जिले के मुरमुंडा आश्रम के महंत त्यागी जी महाराज ने गौ रक्षा, गौ सेवा और गौ पालन को लेकर शासन एवं आम जनता से विशेष पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले और प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर गौ आश्रम की स्थापना की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि गोवंश का संरक्षण हो सके और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हों।
महंत त्यागी जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में मिलावटी दूध, पनीर और दूध से बनी अन्य सामग्रियों के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में घर-घर गौ पालन को बढ़ावा देना जरूरी है, जिससे लोगों को शुद्ध दूध और दही मिल सके तथा परिवार के स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।
उन्होंने कहा कि गौ पालन से केवल दूध की प्राप्ति नहीं होती, बल्कि गांव के लोगों को रोजगार का माध्यम भी मिलता है। गौ पालन से प्राप्त गोबर और गौमूत्र का उपयोग जैविक खाद बनाने में किया जा सकता है, जिससे खेतों की उर्वरक क्षमता बढ़ती है और किसान रासायनिक खाद पर निर्भरता कम कर सकते हैं।
महंत त्यागी जी महाराज ने बताया कि गांव के गोबर से कई उपयोगी प्रयोग किए जा सकते हैं। जैविक खाद, प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और अन्य ग्रामीण उपयोगों में इसका महत्व है। इससे खेती की गुणवत्ता बेहतर होगी और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गौ पालन मानव जीवन के स्वास्थ्य, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम है। यदि गांव-गांव में गौ आश्रम बनते हैं तो आवारा गोवंश को संरक्षण मिलेगा, किसानों को जैविक संसाधन मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
महंत त्यागी जी महाराज ने शासन से अपील करते हुए कहा कि जो लोग गौ सेवा और गौ पालन के लिए आगे आना चाहते हैं, उन्हें गौ आश्रम के लिए स्थान और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। हर ग्राम पंचायत में गौ आश्रम की व्यवस्था होने से समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने आम जनता से भी आग्रह किया कि गौ सेवा को केवल धार्मिक भावना तक सीमित न रखते हुए इसे स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देखें तथा इस दिशा में आगे बढ़ें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

