इतिहास में पहली बार रेल मानचित्र पर उभरेगा जशपुर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जशपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र की मंजूरी, क्षेत्र में विकास के नए युग की शुरुआत
जशपुर ACGN:- जशपुर जिले के विकास इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय द्वारा धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किए जाने के बाद अब जशपुर पहली बार राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ गया है।
करीब 291.881 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर जिले के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने से जशपुर सहित पूरे वनांचल क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी रेल सुविधा की मांग अब पूरी होने की दिशा में पहुंच गई है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे आधारभूत संरचना विकास और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों का परिणाम बताई जा रही है।
रेल मंत्रालय की अधिसूचना के बाद परियोजना अब औपचारिक रूप से प्रभावी हो गई है। इससे जशपुर जिले के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा मिलने का रास्ता साफ होगा।
रेल संपर्क से किसानों और व्यापारियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। जशपुर के कृषि और उद्यानिकी उत्पाद जैसे जैविक खेती, सुगंधित धान, मक्का, दलहन, सब्जियां और अन्य स्थानीय उत्पाद अब बड़े बाजारों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। परिवहन लागत कम होने से किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी।
नई रेल लाइन से पर्यटन क्षेत्र को भी नई पहचान मिलेगी। प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपातों, धार्मिक स्थलों और वन क्षेत्रों के लिए प्रसिद्ध जशपुर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंच आसान होगी, वहीं गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में बेहतर उपचार के लिए जाने में सुविधा मिलेगी।
रेल परियोजना के निर्माण और संचालन से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में निवेश और उद्योगों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
दशकों के इंतजार के बाद जशपुर का रेल मानचित्र पर शामिल होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह परियोजना आने वाले समय में जशपुर की तस्वीर और विकास की दिशा दोनों बदलने वाली साबित हो सकती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

