संबल केन्द्र बना दिव्यांगों के लिए सहारा, निःशुल्क मरम्मत से ट्रायसिकल फिर दौड़ी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
प्रोजेक्ट दिव्यांग गैरेज से मिली राहत, रघतनराम ध्रुव की दैनिक आवागमन की समस्या हुई दूर
रायपुर ACGN:- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट दिव्यांग गैरेज के अंतर्गत स्थापित संबल केन्द्र दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बनकर उभर रहा है। यह केन्द्र दिव्यांगों के सहायक उपकरणों की निःशुल्क मरम्मत कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने में मदद प्रदान कर रहा है।
इसी क्रम में रायपुर जिले के बीरगांव निवासी श्री रघतनराम ध्रुव को संबल केन्द्र से बड़ी राहत मिली है। श्री ध्रुव अपने दैनिक आवागमन और आवश्यक कार्यों के लिए पूरी तरह बैटरी चालित ट्रायसिकल पर निर्भर हैं। कुछ समय पूर्व उनकी ट्रायसिकल खराब हो गई थी, जिसके कारण उन्हें आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ट्रायसिकल बंद होने से उनके दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे थे और सामान्य जीवनचर्या बाधित हो गई थी।
इस दौरान उन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संबल केन्द्र की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने केन्द्र पहुंचकर अपनी समस्या बताई। संबल केन्द्र के तकनीकी कर्मचारियों ने ट्रायसिकल की विस्तृत जांच की, जिसमें चार्जर सॉकेट एवं वायरिंग में खराबी पाई गई। कर्मचारियों ने आवश्यक तकनीकी सुधार करते हुए सभी खराबियों की निःशुल्क मरम्मत की, जिससे ट्रायसिकल पुनः सुचारू रूप से चलने लगी।
ट्रायसिकल के ठीक होने के बाद श्री रघतनराम ध्रुव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। आवागमन की समस्या दूर होने से उनके जीवन में फिर से सहजता लौट आई है। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले में दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबल केन्द्र की स्थापना की घोषणा की थी। इसके बाद कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आवश्यक तैयारियां पूरी की गईं और 3 दिसंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी द्वारा संबल केन्द्र का शुभारंभ किया गया।
संबल केन्द्र में वर्तमान में बैटरी चालित एवं हस्तचालित ट्रायसिकल सहित विभिन्न सहायक उपकरणों की निःशुल्क मरम्मत की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह केन्द्र दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़। :::
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

