तालाब किनारे 52 परियों का सजाया था दरबार, पांच इश्कबाजों पर पुलिस का वार, सभी को किया गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
कोतवाली पुलिस की जुआ रेड, 8 हजार 650 रुपये नगद और ताश की गड्डी जब्त
रायगढ़ ACGN:- जिले में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूछापारा तालाब के पास जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम, ताश की गड्डी तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 08 और 09 जून 2026 की दरम्यानी रात थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूछापारा तालाब के पार कुछ लोग 52 पत्ती ताश के माध्यम से रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर पांच लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा निराला, सूरज कुमार निराला, मोहन वासुदेव, कुश साहू तथा अमर यादव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों और जुआ फड़ से कुल 8 हजार 650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और एक दरी बरामद की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन अंकुश” के अंतर्गत की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा तथा आरक्षक बीरबल भगत, कमलेश यादव, कोमल तिवारी, घनश्याम ध्रुव एवं प्रदीप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

