13 जून को रायपुर में NHM कर्मियों का शक्ति प्रदर्शन, 18 हजार से अधिक कर्मचारी होंगे शामिल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, स्वास्थ्य मंत्री सहित कई कैबिनेट मंत्री करेंगे शिरकत
सूरजपुर ACGN :- छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेज़ी से अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
एनएचएम संघ सूरजपुर के जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि महासम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

जानकारी के अनुसार प्रदेशभर के ग्रामीण एवं शहरी उप स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक एनएचएम कर्मचारी एवं अधिकारी अपने परिवार सहित इस महासम्मेलन में भाग लेंगे। सभी जिलों, तहसीलों और विकासखंडों से कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि यह महासम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे एनएचएम कर्मचारियों की एकजुटता, समर्पण और सेवा भावना का प्रदर्शन भी होगा। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों की संगठनात्मक शक्ति और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया जाएगा।
बताया गया कि हाल ही में संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें महासम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद प्रदेशभर के कर्मचारियों में उत्साह और बढ़ गया है।
संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने बताया कि कार्यक्रम की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह महासम्मेलन एनएचएम कर्मचारियों की एकता एवं संगठनात्मक शक्ति का ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा। वहीं जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने कहा कि सूरजपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी अपने परिवार के साथ रायपुर पहुंचेंगे और इस महासम्मेलन को सफल बनाएंगे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

