शादी का झांसा देकर युवती के शोषण का आरोप, आरोपी हिरासत में – एसएसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, दो महिलाओं की शिकायत के बाद जांच तेज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
छह वर्षों तक विवाह का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप, दूसरी महिला से कथित विवाह की जानकारी मिलने पर पहुंचा मामला एसपी कार्यालय
रायगढ़ ACGN:- महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत एक महत्वपूर्ण मामले में कार्रवाई की गई है। खरसिया क्षेत्र की एक युवती द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मामला तब सामने आया जब खरसिया क्षेत्र की एक 45 वर्षीय महिला 5 जून को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सुरक्षा की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। महिला ने बताया कि उसने हाल ही में गाजियाबाद निवासी सलीम के साथ जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके कारण पारिवारिक विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है। पुलिस द्वारा आवेदन को परीक्षण और जांच में लिया गया था।
इसी बीच 6 जून को खरसिया क्षेत्र की एक 28 वर्षीय युवती भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सलीम के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उसकी पहचान सलीम से हुई थी, जो उस समय खरसिया क्षेत्र में फेरी का कार्य करता था। युवती का आरोप है कि सलीम ने उससे विवाह करने का वादा किया और इसी भरोसे पर वर्षों तक संबंध बनाए रखे।
शिकायतकर्ता के अनुसार सलीम उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी लेकर गया था और लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा। बाद में उसे जानकारी मिली कि सलीम एक अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह का वादा कर रहा है। युवती ने बताया कि उसने संबंधित महिला से मोबाइल फोन पर बातचीत भी की थी, जहां उसे विश्वास दिलाया गया था कि उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब युवती को सलीम द्वारा दूसरी महिला से मंदिर में कथित विवाह किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने अपने साथ हुए कथित शोषण की शिकायत लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया।
युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि सलीम कई अन्य महिलाओं और युवतियों से भी मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क में था तथा उसके मोबाइल में कई महिलाओं के साथ चैटिंग और बातचीत के रिकॉर्ड मौजूद हैं। पुलिस इन तथ्यों की भी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने तत्काल महिला थाना और कोतरारोड़ पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। शिकायत के आधार पर आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी व्यक्ति से संबंध स्थापित करने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी लेने की अपील भी की है।
आरोपी का नाम :-
सलीम (30 वर्ष), निवासी – गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

