नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 7647981711 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , धमतरी बन रहा प्रदेश का नया वेयरहाउसिंग हब, 30 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त भंडारण क्षमता होगी विकसित – Anjor Chhattisgarh News

Anjor Chhattisgarh News

सच की तह तक

धमतरी बन रहा प्रदेश का नया वेयरहाउसिंग हब, 30 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त भंडारण क्षमता होगी विकसित

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

धमतरी (छत्तीसगढ़)

By ACGN 7647981711, 9303948009


60 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड चना खरीदी के बीच आधुनिक गोदामों और रेल कनेक्टिविटी से कृषि अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आधार

धमतरी ACGN:- छत्तीसगढ़ का कृषि प्रधान जिला धमतरी अब केवल धान उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक कृषि भंडारण और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था के लिए भी नई पहचान बनाने की ओर तेजी से अग्रसर है। रिकॉर्ड कृषि उपार्जन और किसानों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिले में 30 हजार मीट्रिक टन की अतिरिक्त वैज्ञानिक भंडारण क्षमता विकसित की जा रही है। राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) और छत्तीसगढ़ राज्य भंडारण गृह निगम के संयुक्त प्रयासों से शुरू हुई यह पहल धमतरी को प्रदेश के प्रमुख वेयरहाउसिंग एवं कृषि लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
विगत वर्षों में जिले में रबी फसलों विशेषकर चने का रिकॉर्ड उत्पादन और उपार्जन हुआ, लेकिन पर्याप्त भंडारण सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रशासन और किसानों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा। बड़ी मात्रा में उपज को दूसरे जिलों के गोदामों में भेजना पड़ा, जिससे परिवहन व्यय बढ़ने के साथ-साथ प्रबंधन संबंधी चुनौतियां भी सामने आईं। इसी अनुभव से सीख लेते हुए जिला प्रशासन ने स्थायी समाधान की दिशा में आधुनिक भंडारण अधोसंरचना विकसित करने का निर्णय लिया।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना” के तहत जिले की चार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों अंवरी, कोसमर्रा, पोटियाडीह-आमदी और कोलियारी का चयन किया गया है। इन समितियों में 2,500-2,500 मीट्रिक टन क्षमता के आधुनिक गोदामों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इन गोदामों के पूर्ण होने के बाद ग्रामीण स्तर पर ही 10 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त भंडारण सुविधा उपलब्ध हो जाएगी, जिससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य भंडारण गृह निगम द्वारा धमतरी और कुरूद में 10-10 हजार मीट्रिक टन क्षमता के दो बड़े गोदाम विकसित किए जा रहे हैं। केंद्रीय भंडारण निगम के पास पहले से उपलब्ध एक लाख मीट्रिक टन से अधिक भंडारण क्षमता के साथ इन नई परियोजनाओं के जुड़ने से जिले की भंडारण व्यवस्था और अधिक सशक्त हो जाएगी।
रबी विपणन वर्ष 2026 में धमतरी जिले ने कृषि उपार्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले के 9 हजार 103 किसानों से 1 लाख 16 हजार 162 क्विंटल चने की रिकॉर्ड खरीदी की गई है। इसके एवज में 60 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में भुगतान की प्रक्रिया जारी है। चने के साथ-साथ सरसों और मसूर का भी सफलतापूर्वक उपार्जन किया गया है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
नई भंडारण क्षमता का सबसे अधिक लाभ धान मिलिंग उद्योग और कृषि व्यापार से जुड़े लोगों को मिलेगा। धमतरी लंबे समय से धान मिलिंग के क्षेत्र में अग्रणी जिला रहा है, लेकिन तैयार चावल और धान के सुरक्षित भंडारण की समस्या हमेशा बनी रहती थी। अब अतिरिक्त गोदामों के निर्माण से भंडारण का दबाव कम होगा, मिलिंग गतिविधियों को गति मिलेगी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी।
जिले के विकास को और अधिक गति देने में ब्रॉडगेज रेल लाइन की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहने वाली है। रेल रैक संचालन शुरू होने के बाद धमतरी से चावल और अन्य कृषि उत्पादों को देश के विभिन्न बड़े बाजारों तक कम समय और कम लागत में पहुंचाया जा सकेगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा और स्थानीय उद्योगों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक वेयरहाउसिंग अधोसंरचना और मजबूत रेल कनेक्टिविटी के कारण धमतरी आने वाले वर्षों में प्रदेश के प्रमुख कृषि-व्यापार एवं लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में उभर सकता है। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, सहकारी संस्थाओं को मजबूती मिलेगी और किसानों को उनकी उपज का बेहतर प्रबंधन एवं विपणन सुविधा प्राप्त होगी।
धमतरी की यह विकास यात्रा इस बात का प्रमाण है कि दूरदर्शी योजना, मजबूत अधोसंरचना और प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से किसी भी क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदली जा सकती है। आने वाले समय में यह पहल न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगी बल्कि जिले को छत्तीसगढ़ के सबसे महत्वपूर्ण कृषि और व्यापारिक केंद्रों में शामिल करने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।

प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now