कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे युवा : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
लोरमी में 250 युवाओं को कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण, उप मुख्यमंत्री ने किया संवाद
मुंगेली ACGN:- उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने लोरमी में कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षणार्थियों के अनुभव भी सुने।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि और आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसईसीएल के सहयोग से 1 अप्रैल से 250 युवा कंप्यूटर, सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। युवाओं में नए कौशल सीखने को लेकर उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करती है।

उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। पढ़ाई के साथ किसी व्यावहारिक कौशल का होना भी आवश्यक है। ब्यूटीशियन, सिलाई, डाटा एंट्री और कंप्यूटर जैसे प्रशिक्षण युवाओं को अतिरिक्त दक्षता प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं।

श्री साव ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने का सशक्त साधन है। जब किसी व्यक्ति के पास अतिरिक्त कौशल होता है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वह हर परिस्थिति में सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सक्षम बनता है।

उप मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी सीखने की प्रक्रिया कभी नहीं रुकनी चाहिए। निरंतर अभ्यास, नई तकनीकों की जानकारी और स्वयं को समय के अनुसार अपडेट रखने की आदत ही सफलता का आधार बनती है। यही आत्मविश्वास और कौशल युवाओं के लिए भविष्य में सफलता के नए द्वार खोलता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे वे अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

