राशन कार्ड के लिए ई-केवायसी अनिवार्य, समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी कराने कलेक्टर की अपील
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
05 वर्ष से अधिक उम्र के सभी राशन कार्डधारियों को करानी होगी ई-केवायसी, उचित मूल्य दुकानों एवं मोबाइल एप से मिलेगी सुविधा
सूरजपुर ACGN:- सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत संचालित राशन कार्डों में पंजीकृत 05 वर्ष से अधिक आयु के सभी सदस्यों की ई-केवायसी कराना शासन के निर्देशानुसार अनिवार्य कर दिया गया है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले के सभी पात्र राशन कार्डधारी हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी एवं परिवार के सभी पात्र सदस्यों की ई-केवायसी अवश्य पूर्ण करा लें, ताकि खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना मुनादी, जनसंपर्क और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही को केवल जानकारी के अभाव में शासन की खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित नहीं होना चाहिए।
ई-केवायसी की प्रक्रिया उचित मूल्य दुकानों में उपलब्ध ई-पॉस मशीनों के माध्यम से पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है। हितग्राही अपना राशन कार्ड नंबर और आधार कार्ड लेकर किसी भी उचित मूल्य दुकान में पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा विकसित “मेरा ई-केवायसी” मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे भी ई-केवायसी की सुविधा उपलब्ध है। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नगर पालिका सूरजपुर में 1,557, नगर पंचायत विश्रामपुर में 874, नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 512 तथा जनपद पंचायत सूरजपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में 10,604 सदस्यों की ई-केवायसी अभी लंबित है। जिले में कुल 13,547 सदस्यों की ई-केवायसी शेष है, जिनमें 11,205 बीपीएल तथा 2,342 एपीएल श्रेणी के हितग्राही शामिल हैं।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित हितग्राहियों की सूची का प्रदर्शन ग्राम सभाओं में कराएं तथा मुनादी के माध्यम से लोगों को जानकारी दें। साथ ही राशन कार्डों में दर्ज मृत अथवा अन्यत्र निवासरत सदस्यों की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार विलोपन एवं संशोधन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि भविष्य में जारी किए जाने वाले नए राशन कार्ड ई-केवायसी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही हितग्राहियों को उपलब्ध कराए जाएं। प्रशासन ने सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ई-केवायसी कराकर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

