हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी उर्फ अज्जू अवैध गांजा बेचते गिरफ्तार, 2 किलो से अधिक गांजा जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- अनादि पांडेय
थाना तेलीबांधा और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई, शताब्दी नगर श्मशान घाट के पास दबोचा गया आरोपी
रायपुर ACGN:- राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तेलीबांधा एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) रायपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 186 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 03 जून 2026 को थाना तेलीबांधा एवं एसीसीयू रायपुर की टीम को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी उर्फ अज्जू शताब्दी नगर स्थित श्मशान घाट के पास अवैध रूप से गांजा बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने शताब्दी नगर श्मशान घाट के समीप एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा। जांच करने पर उसकी पहचान अजय मोटवानी उर्फ अज्जू पिता स्वर्गीय किशन चंद मोटवानी, उम्र 36 वर्ष, निवासी गली नंबर 02, पूनम किराना स्टोर्स के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 2 किलो 186 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला कायम किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अजय मोटवानी उर्फ अज्जू क्षेत्र का पुराना अपराधी और थाना तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं तथा उसे विभिन्न मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। आरोपी के विरुद्ध जिला बदर एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी पूर्व में कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क, गांजा सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है। राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबर, हर खबर पर तिरछी नजर। जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

