सुशासन तिहार अपडेट : सुशासन तिहार में जनविश्वास मजबूत, समाधान शिविरों में सैकड़ों समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
राशन कार्ड से लेकर पेंशन, वनाधिकार पत्र और कृषि उपकरण तक ग्रामीणों को मिला लाभ, गांव-गांव पहुंचकर प्रशासन ने सुनी समस्याएं
सुशासन तिहार से गांव-गांव तक पहुंच रहा प्रशासन, ग्रामीणों में बढ़ा भरोसा
कोरबा ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित सुशासन तिहार 2026 ग्रामीणों के लिए राहत, विश्वास और त्वरित समाधान का माध्यम बनता जा रहा है। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित जनसमस्या निवारण और समाधान शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रख रहे हैं, जिनका मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर मिलने से ग्रामीणों में उत्साह और प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है।
रथ बाई कंवर को मिला अंत्योदय राशन कार्ड, मौके पर हुआ समस्या का समाधान

इसी कड़ी में जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम देवलापाठ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम कोथारी निवासी रथ बाई कंवर ने राशन कार्ड संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। प्रशासन ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया। राशन कार्ड मिलने के बाद रथ बाई कंवर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गांव में आयोजित शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है और मौके पर समाधान मिलने से लोगों का विश्वास मजबूत हो रहा है।
धौराभांठा शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
वहीं पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत धौराभांठा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती माया रूपेश कंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया।

शिविर में 2 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 3 लोगों को पेंशन स्वीकृति आदेश, दिव्यांग हितग्राही को श्रवण यंत्र और वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा किसान पंचराम को 3 एचपी पेट्रोल पंप तथा पांच किसानों को ढेंचा बीज खाद वितरित किया गया।

सहकारिता विभाग ने 11 किसानों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए, जबकि राजस्व विभाग ने किसानों को डिजिटल किसान किताब और वन अधिकार पत्र प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

धौराभांठा शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मांग और शिकायतों के कुल 986 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 146 मामलों का मौके पर निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के शीघ्र समाधान का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया। शिविर में “जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान” भी आकर्षण का केंद्र रहा।
ढोंगदरहा समाधान शिविर में 158 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
इसी प्रकार कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत ढोंगदरहा में आयोजित समाधान शिविर में 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री खगेश निर्मलकर ने “संवाद से समाधान तक” की अवधारणा पर आधारित सुशासन तिहार की जानकारी ग्रामीणों को दी और विभिन्न विभागों की योजनाओं से अवगत कराया।

ढोंगदरहा शिविर में पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति, ऋण पुस्तिका, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की चाबी, किसान क्रेडिट कार्ड, पेट्रोल चलित पावर स्प्रेयर, नवदंपति नई पहल किट तथा बिहान समूह की महिलाओं को लखपति दीदी सम्मान पत्र प्रदान किए गए। शिविर में कुल 620 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 158 आवेदनों का मौके पर निराकरण कर लोगों को तत्काल राहत दी गई।
जनजातीय गरिमा उत्सव बना शिविरों का आकर्षण केंद्र

समाधान शिविरों में आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत जागरूकता रैली, वृक्षारोपण और विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जनजातीय संस्कृति, अधिकारों और शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

तीनों शिविरों में शासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि गांव स्तर पर समस्याओं का समाधान मिलने से उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। प्रशासन की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से लोगों में संतोष और विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






