कटघोरा में बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सिकल सेल और टाईप-1 डायबिटीज की हुई जांच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
97 बच्चों और लोगों की स्वास्थ्य जांच, 2 सिकल सेल मरीज एवं 15 वाहक चिन्हित, गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान पर दिया गया जोर
कोरबा ACGN:- कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग कोरबा, UNICEF छत्तीसगढ़ तथा एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में गैर संचारी रोगों पर विशेष स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

यह शिविर 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में टाईप-1 डायबिटीज और सिकल सेल रोग की जांच एवं जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

शिविर में कुल 97 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 2 सिकल सेल मरीज एवं 15 सिकल सेल वाहक चिन्हित किए गए। प्रतिभागियों को चिकित्सकीय परामर्श, प्रारंभिक जांच, स्वास्थ्य शिक्षा तथा आवश्यकतानुसार रेफरल सेवाएं भी प्रदान की गईं।

शिविर के दौरान विशेष रूप से सिकल सेल रोग, बाल मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पूर्ण टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बाल मधुमेह के शुरुआती लक्षणों जैसे अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन कम होना और लगातार कमजोरी महसूस होने जैसी समस्याओं की जानकारी सरल भाषा में दी। साथ ही ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई।

विशेषज्ञों ने सिकल सेल रोग की समय पर स्क्रीनिंग, नियमित उपचार और निरंतर परामर्श के महत्व को भी व्यवहारिक तरीके से समझाया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से जटिलताओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. बी.आर. रात्रे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मिलता सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे, स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेन्द्र सिंह, यूनिसेफ टीम, डॉ. डी. श्याम कुमार, एमसीसीआर ट्रस्ट, चिरायु टीम के चिकित्सक एवं कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






