दोस्त ही निकला कातिल, मामूली विवाद में युवक की बेरहमी से हत्या
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- संजय जेठवानी
सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस का रायगढ़ पुलिस ने किया खुलासा, हत्या के बाद फरार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ ACGN:- रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर में मिले युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या उसके ही दोस्त ने मामूली विवाद के चलते बेरहमी से कर दी थी। आरोपी ने ईंट और हाथ में पहने लोहे के कड़े से वार कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्या के बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला 15 मई 2026 का है, जब सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के सामने खाली जगह पर एक युवक का शव मिलने की सूचना कोतरारोड़ पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी 21 वर्षीय तिलक वर्मा के रूप में हुई। मृतक के भाई पियूष वर्मा ने बताया कि तिलक 14 मई की रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। शव पर सिर और चेहरे में गंभीर चोट के निशान पाए गए थे।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर और ईंटें बरामद हुईं। जांच के दौरान मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली कि घटना की रात टावर मैदान के पास मृतक तिलक वर्मा और उसके दोस्त अमन बसोड़ के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक उस पर गहरा गया।


थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपनी बहन के घर छातामुड़ा आया हुआ है। पुलिस टीम ने पुराना बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी अमन बसोड़ को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि 14 मई की रात टावर मैदान में दोनों के बीच सीमेंट पोल तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान उसकी शर्ट फट गई थी, जिस पर तिलक ने उसे अपना टी-शर्ट पहनने को दिया। बाद में गांव के बोरिंग के पास दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ और दोनों घायल भी हुए। इसके बावजूद तिलक उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गया। रात में दोनों बाइक से सीतापुर पहुंचे और शराब तलाशने लगे, लेकिन शराब नहीं मिलने पर सामुदायिक भवन के पास बैठ गए। वहीं पुराने विवाद को लेकर फिर कहासुनी शुरू हुई और गुस्से में आरोपी ने पहले अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से हमला किया, फिर पास पड़ी ईंट उठाकर तिलक के सिर, गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी अपने दोस्तों को घटना की जानकारी देकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का कड़ा और घटना के समय पहने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी अमन बसोड़ पिता मनहरण बसोड़ उम्र 21 वर्ष निवासी भगवानपुर थाना कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी शील कुमार आदित्य, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू, आरक्षक चुडामणि गुप्ता और राजेश खांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध कर फरार होने वाले अपराधियों को रायगढ़ पुलिस लगातार “ऑपरेशन तलाश” के तहत गिरफ्तार कर रही है। कानून से बचने की किसी भी अपराधी को कोई गुंजाइश नहीं दी जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






