12वीं हिन्दी प्रश्नपत्र लीक मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनादि पांडेय
परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर वायरल करने का खुलासा, बैंक लेनदेन से भी पुष्टि

रायपुर ACGN:- थाना सिटी कोतवाली, मध्य जोन, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं वर्ष 2026 की हिन्दी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र के हस्तलिखित रूप में व्हाट्सएप के माध्यम से वायरल होने से जुड़ा हुआ है, जिससे शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में दिनांक 17.03.2026 को थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5, 10 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 एवं 316 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। मामला अत्यंत गंभीर प्रकृति का होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसारित हस्तलिखित हिन्दी प्रश्नपत्र एक छात्र तक पहुंचाया गया था, जिसके एवज में आरोपी वेणु कुमार जंघेल द्वारा 3000 रुपये ऑनलाइन प्राप्त किए गए थे। बैंक खाते की जांच में इस लेनदेन की पुष्टि भी हुई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क में विकास सेन और जवाहर लाल कुर्रे की भूमिका भी पाई गई।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि वेणु जंघेल और विकास सेन को प्रश्नपत्र हायर सेकंडरी स्कूल, ग्राम बोरतरा के पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे द्वारा उपलब्ध कराया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार भी किया है। हालांकि प्रश्नपत्र मूल रूप से कहां से प्राप्त हुआ था, इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
अब तक गिरफ्तार आरोपियों में वेणु कुमार जंघेल (19 वर्ष, जिला बेमेतरा), जवाहर लाल कुर्रे (40 वर्ष, जिला बेमेतरा) और विकास सेन (22 वर्ष, जिला बेमेतरा) शामिल हैं। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाला गंभीर अपराध है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






