महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, परसाभाठा चौक में फूटा जनता का गुस्सा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, “महंगाई” का प्रतीकात्मक जनाजा निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
कोरबा ACGN:- लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने बालकोनगर में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बालकोनगर के परसाभाठा बाजार चौक पर पूर्व मंत्री Jaisingh Agrawal के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
धरना स्थल पर कांग्रेसजनों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “महंगाई हटाओ”, “जनविरोधी नीतियां बंद करो” और “आम जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई” का प्रतीकात्मक जनाजा निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। परसाभाठा चौक में हुए इस प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक नारों और जनआक्रोश से गूंजता रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है। नेताओं ने कहा कि सोना-चांदी सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों की आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ईरान-इजराइल युद्ध शुरू होने के बाद वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की आशंका पहले से ही स्पष्ट थी, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार समय रहते कोई ठोस रणनीति तैयार नहीं कर सकी। इसका सीधा असर देश की जनता पर पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और गरीब परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल होता जा रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 17 मई से 20 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।

धरना-प्रदर्शन में कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) मुकेश कुमार राठौर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, बालकोनगर ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, राजेंद्र तिवारी, पालूराम साहू, बसंत चंद्रा, दुष्यंत शर्मा, पार्षद कृपाराम साहू सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में तत्काल राहत देने और आम जनता को बढ़ती महंगाई से राहत पहुंचाने की मांग की।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़ (ACGN)।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


