रायपुर में सुशासन तिहार का असर, जन समस्या निवारण शिविर में सैकड़ों लोगों को मिली राहत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनादि पांडेय
नगर निगम शिविर में 546 आवेदन पहुंचे, 317 मामलों का मौके पर हुआ समाधान
रायपुर, ACGN:- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार अभियान के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। नगर निगम जोन-1 अंतर्गत मारुति मंगलम भवन गुढ़ियारी में आयोजित इस शिविर में वार्ड क्रमांक 03, 04, 05, 15, 16, 17 और 18 के नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर में कुल 546 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 317 मामलों का तत्काल निराकरण कर लोगों को बड़ी राहत दी गई।


शिविर में राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आवेदनकर्ताओं की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई की और कई मामलों का तुरंत समाधान किया गया।


जन समस्या निवारण शिविर में पहुंचे लोगों ने सरकार और प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना था कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कई दिनों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहने से काम तेजी से हो रहा है।


कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आम नागरिकों से सीधा संवाद किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं और दस्तावेज संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।


इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, एसडीएम नंदकुमार चौबे एवं नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा [संपादक]
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






