शिक्षा व्यवस्था सुधारने कलेक्टर रेना जमील सख्त, लापरवाह और नशेड़ी शिक्षकों पर होगी बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
मिशन मोड में शिक्षा सुधार के निर्देश, बच्चों की पढ़ाई, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष फोकस
सूरजपुर, ACGN:- सूरजपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कलेक्टर रेना जमील ने शिक्षा विभाग, खेल विभाग और आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। बैठक में नए शिक्षा सत्र की तैयारियों से लेकर स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की पढ़ाई, खेल गतिविधियों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं तक गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर रेना जमील ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों की उपस्थिति और अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों से लगातार अनुपस्थित रहने वाले तथा नशे की हालत में स्कूल पहुंचने वाले शिक्षकों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले शिक्षकों के खिलाफ वेतन वृद्धि रोकने, निलंबन और सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेट, अपार आईडी, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी जनरेशन शत-प्रतिशत पूरा किया जाए और किसी भी छात्र को दस्तावेजों की कमी के कारण परेशानी न हो।

विद्यालयों में पुस्तकालय व्यवस्था, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, शौचालयों की स्थिति और पेयजल व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि नए शिक्षा सत्र के पहले सभी स्कूलों में साफ-सफाई, भवन मरम्मत और मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में शौचालयों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ-सफाई के लिए स्वीपर व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जहां पेयजल संकट की स्थिति है वहां पीएचई विभाग से तत्काल जांच कर समाधान करने को कहा गया।
बैठक में सरस्वती साइकिल योजना, छात्रवृत्ति वितरण, न्योताभोज कार्यक्रम, मध्यान्ह भोजन और गणवेश वितरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचे और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्लॉकवार परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रथम श्रेणी प्राप्त विद्यार्थियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पीएम श्री स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर रेना जमील ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विद्यालयों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
खेल गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी कराने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने NEET, JEE और PAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार करने, उनकी काउंसलिंग कराने तथा विशेष कोचिंग और डाउट क्लियरिंग सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए।
कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों में बेसिक न्यूमरेसी और इंग्लिश लर्निंग को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास करने तथा शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने की बात भी बैठक में कही गई। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने के लिए नियमित मासिक मूल्यांकन, यूनिट टेस्ट और क्वेरी रिजॉल्यूशन क्लास संचालित किए जाएंगे। जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए मानक टेस्ट पेपर भी तैयार किए जाएंगे।
बैठक में आश्रम एवं छात्रावासों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने छात्रावास भवनों की मरम्मत, बच्चों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और विशेष रूप से कन्या छात्रावासों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक संचालक शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला खेल अधिकारी और सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा [संपादक]
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






