पार्षद रोशन सोनी की पहल से 15 साल बाद चालू हुआ हैंडपंप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मुंगेली, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:-
एंड्रुज वार्ड में पेयजल संकट से लोगों को मिली राहत, जल संरक्षण अपनाने की भी अपील
मुंगेली ACGN:- नगर के एंड्रुज वार्ड क्रमांक 19 में पार्षद रोशन सोनी ने जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए लगभग 15 वर्षों से बंद पड़े हैंडपंप को पुनः चालू कराकर वार्डवासियों को बड़ी राहत दिलाई है। लंबे समय से खराब पड़े इस हैंडपंप की तकनीकी जांच करवाने के बाद उसमें नई मोटर डलवाई गई, जिसके बाद अब क्षेत्र के लोगों को फिर से पेयजल मिलने लगा है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं मानी जा रही है।

हैंडपंप चालू होने के बाद वार्डवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पार्षद रोशन सोनी की सक्रियता और जनहित के प्रति उनकी सोच की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों की मूलभूत समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान कराया है। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से यह हैंडपंप बंद पड़ा था, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिक्षक पिंटू सोनी ने इस कार्य को दूरदर्शी सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में पानी का संरक्षण और उपलब्धता सबसे बड़ी आवश्यकता है। वहीं शिक्षक संतोष यादव ने पार्षद का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि समाज के लिए प्रेरणा होते हैं, जो जनता की समस्याओं को समझकर जमीन स्तर पर काम करते हैं।

इस कार्य के लिए नगर पालिका के सीएमओ होरी सिंह का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। पार्षद रोशन सोनी ने बताया कि सीएमओ द्वारा आवश्यक सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने और प्रशासनिक सहयोग मिलने से कार्य शीघ्र पूरा हो सका।
पार्षद रोशन सोनी ने वार्डवासियों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि ग्रीष्मकाल में जल संकट लगातार बढ़ रहा है, इसलिए सभी नागरिकों को पानी का सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन यानी वॉटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि जिनके घरों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वे इस व्यवस्था को जरूर बनवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक को इसमें किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं, ताकि शासन की योजनाओं के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
पार्षद रोशन सोनी ने कहा कि वार्डवासियों की मूलभूत सुविधाओं के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
प्रदीप मिश्रा (संपादक)
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






