एनसीसी शिविर में पुलिस ने दिया जागरूकता का संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
साइबर अपराध, यातायात नियम और पॉक्सो एक्ट पर कैडेट्स को किया गया जागरूक, नशे से दूर रहने की अपील
रायगढ़ ACGN:- सेंट जेवियर स्कूल बोइरदादर में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-126 के दौरान रायगढ़ पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना यातायात और थाना साइबर की टीम ने एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट, बच्चों की सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में 28th BN के कर्नल प्रवीण तेवतिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा एनसीसी की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि युवा यदि समय पालन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को अपने जीवन में अपनाएं तो वे समाज और देश दोनों के लिए बेहतर भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे और गलत संगति से दूर रहकर शिक्षा, खेल और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कैडेट्स को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, शराब सेवन के बाद ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने युवाओं से वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने की अपील की।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को लेकर भी कैडेट्स को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, फिशिंग कॉल, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के जरिए ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कैडेट्स को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति या लिंक पर भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या परिजनों को देने की सलाह दी गई।

पॉक्सो एक्ट और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी कार्यक्रम में विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने “गुड टच और बैड टच” की जानकारी देते हुए बच्चों को किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का गलत उपयोग बच्चों को अपराधियों के संपर्क में ला सकता है, इसलिए डिजिटल सतर्कता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स को नशे से दूर रहकर अनुशासित जीवन जीने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स में काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 28th BN के अधिकारी-कर्मचारी सहित थाना यातायात एवं थाना साइबर का स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रदीप मिश्रा (संपादक)
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






