बिहारपुर दौरे पर कलेक्टर रेना जमील ने परखी विकास कार्यों की हकीकत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- सौरभ साहू
पूरक पोषण आहार केंद्र से लेकर एकलव्य विद्यालय और बांक पर्यटन स्थल तक का किया निरीक्षण, गुणवत्ता में लापरवाही पर अधिकारियों और ठेकेदारों को लगाई फटकार
सूरजपुर जिले की कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने शुक्रवार को जिले के सुदूर बिहारपुर अंचल का सघन निरीक्षण दौरा कर शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। सुबह से शुरू हुए इस मैराथन दौरे में कलेक्टर ने पूरक पोषण आहार उत्पादन केंद्र, नवनिर्मित महतारी सदन, नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अंतर्राज्यीय पुलिस चौकी नवाटोला, निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा बांक पर्यटन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां दिखाई दीं वहां संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।

कलेक्टर रेना जमील ने अपने दौरे की शुरुआत ग्राम करकोटु भैयाथान स्थित पूरक पोषण आहार उत्पादन केंद्र से की। यहां उन्होंने दलिया सहित अन्य पोषण उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया को विस्तार से देखा और कच्चे माल की उपलब्धता से लेकर तैयार उत्पादों के वितरण तक की पूरी व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से यह पोषण आहार बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पहुंचता है, इसलिए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया में स्वच्छता और मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ग्राम पंचायत ठाढ़पाथर ओड़गी पहुंचीं, जहां उन्होंने नवनिर्मित महतारी सदन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं के तहत बनने वाले भवनों की गुणवत्ता बेहतर होना जरूरी है ताकि लोगों को लंबे समय तक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

दौरे के क्रम में कलेक्टर ने बिहारपुर में निर्माणाधीन नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोग किए जा रहे निर्माण सामग्री की जानकारी ली। निर्माण कार्य में कमियां पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए तय समय सीमा के भीतर सभी सुधार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के अगले चरण में कलेक्टर रेना जमील अंतर्राज्यीय पुलिस चौकी नवाटोला पहुंचीं, जहां उन्होंने चौकी की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कैमरे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने चौकी की निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पालदनौली में निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष जताते हुए ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस विद्यालय का निर्माण महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

अपने दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर रेना जमील ने जिले के प्रसिद्ध बांक पर्यटन स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने रेण नदी पर स्थित प्राकृतिक झरने का अवलोकन किया और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाई जाए ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि बांक पर्यटन स्थल को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए विस्तृत चेकलिस्ट तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाए ताकि जिले की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन क्षमता को राज्य और देश स्तर पर पहचान मिल सके।

दौरे के समापन पर कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले के सुदूर क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार फील्ड में जाकर योजनाओं की निगरानी कर रहा है ताकि आम लोगों को शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

निरीक्षण दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले, एसडीएम श्रीमती चांदनी कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






