ऊर्जा संरक्षण के लिए मंत्री राजेश अग्रवाल ने छोड़ा सुरक्षा काफिला
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सरगुजा : वैश्विक ऊर्जा संकट और बढ़ती ईंधन खपत के बीच छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने ऊर्जा संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायी पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के आह्वान से प्रेरित होकर मंत्री ने अपने राजकीय दौरों के दौरान पायलट वाहन, फॉलो वाहन और अन्य विशेष प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं करने का निर्णय लिया है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। इसी भावना के तहत उन्होंने अपने सुरक्षा काफिले में केवल आवश्यक वाहनों को शामिल करने और अनावश्यक वाहनों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक वे अतिरिक्त प्रोटोकॉल, पायलट गाड़ी और फॉलो वाहन का उपयोग नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करें। यदि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग संसाधनों के संयमित उपयोग का संदेश देंगे तो समाज में भी इसके प्रति जागरूकता बढ़ेगी। मंत्री ने कहा कि यह समय जिम्मेदारी और जनभावनाओं के साथ खड़े रहने का है।
प्रदेशवासियों से अपील करते हुए मंत्री ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ लोग ईंधन बचत के लिए अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें तथा कारपूलिंग को अपनाएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग के लिए देशवासियों को प्रेरित कर रहे हैं। उन्हीं की प्रेरणा से यह निर्णय लिया गया है ताकि शासन और जनप्रतिनिधि समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर सकें।
मंत्री के इस निर्णय को प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर सराहनीय पहल माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि यदि अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इसी तरह संसाधनों की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करें तो समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और ऊर्जा संरक्षण को लेकर सामूहिक प्रयास और मजबूत होंगे।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते है निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरे
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






