भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनेंगी सड़कें और फ्लाईओवर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दुर्ग, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने दुर्ग संभाग में निर्माणाधीन सड़कों, भवनों और पुलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप समग्र कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क खंडों के विकास के साथ फ्लाईओवर की योजनाएं भी एक साथ तैयार कर स्वीकृत कराई जाएं ताकि आने वाले समय में यातायात व्यवस्था सुगम और व्यवस्थित रह सके।

दुर्ग संभागीय मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव श्री बंसल ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंताओं के साथ प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे। सचिव ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाकर तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के 15 दिनों के भीतर चयनित एजेंसी से अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। गुणवत्ता और समयबद्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अधिकारियों को जवाबदेही और गंभीरता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यालय में रहकर नियमित मॉनिटरिंग करने और परफार्मेंस गारंटी वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित कराने को कहा।

बैठक में सचिव ने शासकीय भवनों के निर्माण में आधुनिक डिजाइन और नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने भूमि की उपलब्धता को देखते हुए हॉरिजांटल के बजाय वर्टिकल निर्माण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता की सामग्री उपयोग करने तथा सभी भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।


सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने दुर्ग साइंस कॉलेज में निर्माणाधीन 750 सीटर ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल तिराहा से मिनीमाता चौक पुलगांव तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। इसके अलावा पाटन शासकीय कॉलेज के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप कार्य संपादित करने और पूरे परिसर को हरा-भरा एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते है निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरे
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






