रायपुर कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की प्रतिबंधित नशीली सामग्री का किया गया नष्टीकरण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर / छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- अनादि पांडेय
नॉर्थ जोन के 52 एनडीपीएस प्रकरणों में जप्त गांजा, हेरोइन, अफीम और नशीली सिरप को पावर प्लांट की भट्ठी में जलाकर किया नष्ट
रायपुर ACGN:- रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों में जप्त प्रतिबंधित नशीले पदार्थों का आज सिलतरा स्थित पावर प्लांट में विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई एनडीपीएस अधिनियम में निहित प्रावधानों तथा केंद्र सरकार गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई।


जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी रायपुर की उपस्थिति में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम काम्बले, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्री मयंक गुर्जर, उपायुक्त आबकारी श्री राजेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम, थाना प्रभारी खम्हारडीह सुश्री मानसी नानाभाउ साकोरे, थाना प्रभारी उरला निरीक्षक रोहित मालेकर एवं थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक बी.एल. चन्द्राकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नॉर्थ जोन क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 52 एनडीपीएस प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थों को पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।


नष्टीकरण की गई सामग्री में 272.027 किलोग्राम गांजा, 2.150 किलोग्राम डोडा, 484.49 ग्राम अफीम, 37.839 ग्राम हेरोइन, 5036 नग प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल तथा 545 शीशी नशीली सिरप शामिल रही। पुलिस ने बताया कि समाज में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और जनसामान्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






