विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय पर पूरा करें सभी निर्माण कार्य – मंत्री लखनलाल देवांगन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कार्यों में देरी और गुणवत्ता में समझौता करने वाली एजेंसियों पर होगी सख्त कार्रवाई, ब्लैकलिस्ट करने के दिए निर्देश
कोरबा ACGN:- प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रगतिरत विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए और जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए। कार्यों में लापरवाही, देरी या बीच में काम रोकने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन और सर्वमंगला नगर जोन के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित अभियंता लगातार मॉनिटरिंग करें और निर्माण सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप हो, यह सुनिश्चित करें।
बैठक में महापौर संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा संबंधित पार्षद और अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि दर्री और सर्वमंगला नगर जोन के 20 वार्डों में कुल 166 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 73 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कई कार्य प्रगतिरत हैं और कुछ कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं। इस पर मंत्री श्री देवांगन ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण एजेंसियों को तत्काल नोटिस जारी किया जाए। यदि इसके बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं होता तो संबंधित एजेंसियों की अमानत राशि राजसात कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, शौचालय, मुक्तिधाम, तालाब गहरीकरण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि साफ-सफाई कार्यों में और अधिक कसावट लाई जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा ने देश में आठवां स्थान हासिल किया था और अब लक्ष्य देश में नंबर-1 बनने का होना चाहिए।
पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में समय पर और निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि किसी क्षेत्र में पाइप लाइन टूटने या अन्य कारणों से जल आपूर्ति बाधित होती है तो तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी न हो।
मंत्री श्री देवांगन ने वार्ड पार्षदों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों के जरूरी और प्राथमिकता वाले विकास कार्यों की सूची उपलब्ध कराएं ताकि शासन स्तर पर उनकी स्वीकृति लेकर जल्द कार्य प्रारंभ कराया जा सके।
इस दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और आमजन की समस्याओं का समय सीमा में निराकरण किया जाए।
बैठक में निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षदगण और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता का देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






