मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से सजे 43 नए घर-आंगन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अंबिकापुर, सरगुजा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता :- सौरभ साहू
राजमोहनी भवन में सामूहिक विवाह समारोह संपन्न, मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवदम्पत्तियों को दिया आशीर्वाद
अंबिकापुर ACGN:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में अंबिकापुर स्थित राजमोहनी भवन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जहां 43 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। समारोह में छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए और नवदम्पत्तियों को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाज, वैदिक मंत्रोच्चार और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच विवाह की रस्में संपन्न हुईं। समारोह में बड़ी संख्या में परिजन, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक सौहार्द, आत्मीयता और सांस्कृतिक एकता का सुंदर वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि बेटियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है ताकि किसी भी परिवार की खुशियों में आर्थिक अभाव बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी योजनाएं सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, फिजूलखर्ची कम करने और समाज में समानता तथा भाईचारे को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों का मिलन होता है। आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और सहयोग ही सफल वैवाहिक जीवन की असली पूंजी है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी नवदम्पत्तियों के सुखद, समृद्ध और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ प्रदेश के लाखों परिवारों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवदम्पत्तियों को आवश्यक घरेलू सामग्री और आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है ताकि वे आत्मसम्मान और सहजता के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। इस योजना को समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान नवदम्पत्तियों और उनके परिजनों में खासा उत्साह दिखाई दिया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी राज्य सरकार की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता का देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






