मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 100 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, शहनाइयों और पुष्प वर्षा के बीच हुआ भव्य सामूहिक विवाह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता सौरभ साहू
मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने नवदंपत्तियों को दिया सुखमय जीवन का आशीर्वाद, बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने दिलाई शपथ
सूरजपुर ACGN:- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सूरजपुर जिले में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 100 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में मंत्रोच्चार, वरमाला, सिंदूरदान और सात फेरों के बीच नवदंपत्तियों ने जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह स्थल शहनाइयों की मधुर धुन, बैंड-बाजों और पुष्प वर्षा से उत्सवमय बना रहा।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखमय और समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवाह जीवन का सबसे पवित्र संस्कार है और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वावलंबी बनकर न केवल अपने परिवार को मजबूत करती हैं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को सूरजपुर जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने हाथ उठाकर बाल विवाह रोकने और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि राज्य शासन अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रहा है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बेटियों के सम्मान और सुरक्षा को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।


सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपत्तियों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। अपनी बेटियों को विदा करते समय कई परिवार भावुक नजर आए। परिजनों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके सपनों को साकार किया है।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखालाल राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों एवं जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






