कटघोरा-चोटिया हाईवे पर सड़क हादसों को रोकने प्रशासन सक्रिय, कलेक्टर-एसपी ने ब्लैक स्पॉट का किया निरीक्षण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मोड़ों और घाट क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी सुरक्षा व्यवस्था, रंबल स्ट्रिप और सोलर स्टड लगाने के निर्देश

कोरबा ACGN:- सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने शुक्रवार को कटघोरा-चोटिया नेशनल हाईवे-130 के संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम बंजारी, मड़ई मोड़, लमना से लेकर चोटिया तक सड़क मार्ग की स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने हाईवे के अंधे मोड़ों, घाट क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित स्थानों को गंभीरता से लेते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को तत्काल मजबूत करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोड़ों से पहले 25 से 50 मीटर की दूरी पर रंबल स्ट्रिप लगाए जाएं ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और हादसों की संभावना कम हो।

अधिकारियों ने विशेष रूप से मड़ई मोड़ और चोटिया घाट क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। अंधेरे वाले स्थानों पर सोलर स्टड, कैट आई, रोड स्टड, रिफ्लेक्टर, रेडियम और दिशा संकेतक लगाने की बात कही गई ताकि रात में वाहन चालकों को मार्ग स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा को पुलिस, परिवहन विभाग, पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे विभाग की संयुक्त टीम बनाकर रात में निरीक्षण करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने को भी कहा गया।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। वाहनों की तेज गति दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनती है, इसलिए संवेदनशील मोड़ों पर गति नियंत्रण के लिए रंबल स्ट्रिप लगाना बेहद जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार, तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, थाना प्रभारी, परिवहन विभाग के अधिकारी और नेशनल हाईवे प्राधिकरण के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






