चंदोरी में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस जांच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालाघाट, मध्यप्रदेश
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- प्रणित शुक्ला
मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बालाघाट ACGN:- वारासिवनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 चंदोरी में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनेशवरी सोनवाने पति राकेश सोनवाने उम्र 32 वर्ष निवासी चंदोरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी थाना प्रभारी पवन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। बाद में एसडीओपी अभिषेक चौधरी भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने कमरे में पड़े शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल को सुरक्षित किया तथा प्रारंभिक जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि हर पहलू से साक्ष्य जुटाए जा सकें। नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण प्रभारी तहसीलदार सुरेश कुमार उपाध्याय की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। घटना की खबर मिलते ही चंदोरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतका के मायके लेंडेझरी से भी परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे।

बताया जा रहा है कि अनेशवरी ने देर रात साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी और उसके पति ने उसे नीचे उतारा था। सुबह इस घटना की जानकारी ग्रामीणों और मायके पक्ष को दी गई। हालांकि घटनास्थल पर टूटी चूड़ियों के टुकड़े मिलने और घर के पीछे कुछ संदिग्ध सुराग मिलने के बाद पारिवारिक विवाद और अन्य आशंकाओं को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मृतका के चाचा पूरनलाल कोहरे ने अनेशवरी के पति राकेश सोनवाने पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राकेश शराब पीकर अक्सर अनेशवरी के साथ मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था। इस संबंध में कई बार सामाजिक बैठक कर समझाइश भी दी गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
परिजनों का कहना है कि अनेशवरी अपने दोनों बच्चों से बेहद प्रेम करती थी और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है और पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
इस घटना ने दो मासूम बच्चों के जीवन को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। डेढ़ वर्षीय अयान और बड़े बेटे कार्तिक के सिर से मां का साया उठ गया है। बताया जा रहा है कि कार्तिक लंबे समय से अपने ननिहाल लेंडेझरी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और मृतका के माता-पिता सहित दोनों भाई गहरे सदमे में हैं।
एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






