ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 लीटर से अधिक अवैध शराब जप्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता:- संजय जेठवानी
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रेड, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ ACGN:- जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना कोतरारोड़, चौकी जोबी और थाना कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 100 लीटर से अधिक अवैध महुआ शराब जप्त की है। कार्रवाई के दौरान महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम नंदेली में पुलिस को सूचना मिली थी कि सकुन्तला सारथी अपने घर में भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बिक्री के लिए रखी हुई है। सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी और निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही शराब खरीदने पहुंचे लोग मौके से भाग निकले, जबकि आरोपी महिला के कब्जे से बड़ी जरीकेन और अन्य प्लास्टिक कंटेनरों में कुल 70 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई जा रही है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

इसी तरह चौकी जोबी क्षेत्र के ग्राम बर्रा में रतन सिंह राठिया द्वारा खेत के पास डोमनारा नाला क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने रेड कार्रवाई की। चौकी प्रभारी लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में पहुंची टीम को देखकर शराब पी रहे लोग फरार हो गए, जबकि आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब, डिस्पोजल गिलास और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन बरामद किए।
वहीं थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि रामभांठा क्षेत्र की ओर एक युवक अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नीरज टोप्पो उर्फ धोंदो को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 लीटर हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
“ऑपरेशन आघात” के तहत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई जारी रही। थाना जूटमिल पुलिस ने पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड के पास पीताम्बर लहरे के कब्जे से 15 पाव देशी प्लेन शराब जप्त की। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम कलमी में शिव प्रसाद वैष्णव और ग्राम नंदेली में कुंती सारथी के कब्जे से महुआ शराब बरामद कर कार्रवाई की। वहीं थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम सुहाई में तीन अलग-अलग आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब जप्त कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जिले में कहीं भी अवैध शराब कारोबार की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






