पश्चिम एशिया की स्थिति पर मुख्यमंत्री की हाईलेवल समीक्षा: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कमिश्नर-आईजी-कलेक्टरों को सीएम के निर्देश, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति रखें सुचारु
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायपुर छत्तीसगढ़
रायपुर, विष्णु देव साय ने आज प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें राज्य के सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर के पुलिस आयुक्त, सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों, विशेष रूप से पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीज़ल, रसोई गैस (LPG) और उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहनी चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर तुरंत रोक लगाई जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी स्थिति का लाभ उठाकर आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों की नियमित निगरानी रखी जाए।
बैठक में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और संभावनाओं पर भी चर्चा की गई, ताकि राज्य में दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव बसवा राजू एस S, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा विभाग के सचिव रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले और उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा तेल विपणन कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के पेट्रोल-डीजल, एवं गैस डिवीजन के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए और राज्य में आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत रखी जाए और जनता को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






