कोरबा में शहर सौंदर्यीकरण को मिल रहा नया आयाम, कोलमैन प्रतिमा अनावरण और मिनी उद्यान लोकार्पण से बढ़ी शहर की सुंदरता
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
दर्री बराज पुल के पास प्रतिमा अनावरण, सिविल लाइन में मिनी उद्यान का लोकार्पण और सड़क डिवाइडर में रंगबिरंगे पौधों का रोपण जनसेवा को समर्पित
कोरबा, औद्योगिक नगरी कोरबा में शहर के सौंदर्यीकरण को लगातार नया स्वरूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी और सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजू देवी राजपूत ने शहर में सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और अनावरण कर उन्हें जनसेवा को समर्पित किया। इस दौरान दर्री बराज पुल के समीप कोलमैन की प्रतिमा का अनावरण किया गया, वहीं सिविल लाइन क्षेत्र में बनाए गए मिनी उद्यान का लोकार्पण किया गया। साथ ही पुष्पलता उद्यान के सामने मुख्य मार्ग पर तैयार किए गए सड़क डिवाइडर पौधरोपण को भी जनता के लिए समर्पित किया गया।

इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, अजय गोंड़, पंकज देवांगन, वैभव शर्मा, नरेन्द्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह राजपूत, अनिल यादव, उद्यान अधीक्षक आनंद सिंह राठौर, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, अरुण मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के साथ ही सौंदर्यीकरण की दिशा में लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए जहां स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, वहीं थीम आधारित चित्रकारी, भित्ति चित्र, लघु उद्यानिकी और मार्ग किनारे पौधरोपण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में दर्री बराज पुल के समीप कोलमैन की प्रतिमा स्थापित कर क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप दिया गया है जिसका अनावरण उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत के हाथों संपन्न हुआ। इसी प्रकार सिविल लाइन क्षेत्र में निगम आयुक्त के निवास के पास विकसित किए गए मिनी उद्यान का लोकार्पण भी किया गया जिससे स्थानीय नागरिकों को हरित और सुंदर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों को भी आकर्षक बनाने का कार्य किया जा रहा है। सुभाष चौक स्थित पुष्पलता उद्यान से कोसाबाड़ी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर डिवाइडर में विशेष इमोजी थीम के अंडाकार गमलों में बहुरंगी फूलों वाले पौधे लगाए गए हैं। इनमें वोगनबेलिया और यूफारविया के रंगबिरंगे पौधे शामिल हैं जो सड़क की सुंदरता को और अधिक बढ़ा रहे हैं। इन पौधों को भी आज जनसेवा के लिए समर्पित किया गया।
इन कार्यों से शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। नगर पालिक निगम का उद्देश्य है कि कोरबा को स्वच्छ, हरित और आकर्षक शहर के रूप में विकसित किया जाए ताकि यहां के नागरिकों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






