पंचमढ़ी शिविर में सूरजपुर के स्काउट-गाइड्स ने दिखाई साहसिक प्रतिभा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
ट्रेकिंग, रोप कोर्स, राइफल शूटिंग और नौका विहार जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों ने बढ़ाया आत्मविश्वास
पंचमढ़ी में आयोजित राज्य स्तरीय पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर में सूरजपुर जिले के स्काउट एवं गाइड्स विद्यार्थियों ने साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पिपरिया से लगभग 52 किलोमीटर दूर स्थित इस हिल स्टेशन पर आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए रोमांच और कौशल विकास का अनूठा अवसर बन गया है।


जिला शिक्षा अधिकारी तथा पदेन जिला कमिश्नर भारत स्काउट एंड गाइड अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि यह शिविर विद्यार्थियों के लिए रोमांचक अनुभव के साथ उनके सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। राज्य काउंसलर रामदत्त पटेल ने जानकारी दी कि राज्य मुख्यालय से सूरजपुर जिले को पंचमढ़ी शिविर में प्राथमिकता के साथ अवसर प्रदान किया जाता है और भविष्य में भी जिले के स्काउट-गाइड्स को इसका लाभ मिलता रहेगा।


शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने पहाड़ों की ट्रेकिंग, रोप कोर्स और नौका विहार जैसी गतिविधियों का रोमांचक अनुभव प्राप्त किया। वहीं स्काउट प्रतिभागियों ने राइफल शूटिंग, आर्चरी, बिफाल और राजभवन ट्रेकिंग में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने साहस, संतुलन, टीम भावना और त्वरित निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया।


आगामी दिनों में शिविर में हाइकिंग, पंचमढ़ी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की ट्रेकिंग, स्काई साइकिलिंग, वैली क्रॉसिंग, ऑब्स्टेकल्स कोर्स और जोरबिंग जैसी आकर्षक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्काउटिंग और गाइडिंग विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।


कार्यक्रम का संचालन साहसिक कार्यक्रम अधिकारी बिलकिस शेख के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। राज्य प्रभारी किरण सिंह ठाकुर के साथ सहायक स्टाफ के रूप में धनराज सैनी, रामरतन, खुमान और शुभश्री राणा तथा जिले से प्रभारी चंद्रिका सिंह, योगेश साहू, कंचनलता टोप्पो और दीपा सिंह सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






