विश्व क्षय दिवस पर सौ दिवसीय क्षय रोग पहचान और उपचार अभियान का शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में कार्यक्रम, क्षय रोग मुक्त पंचायतों का सम्मान और मरीजों को पोषण किट वितरित
कोरबा: विश्व क्षय दिवस के अवसर पर क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत कोरबा जिले में सौ दिवसीय विशेष पहचान और उपचार अभियान का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी और सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले में संभावित क्षय रोगियों और उच्च जोखिम वाले समूहों की पहचान कर उनकी समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे क्षय रोग उन्मूलन के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्षय रोग को जड़ से समाप्त करने का अभियान स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से देशभर में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सतत प्रयासों से प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक क्षय रोग की रोकथाम और उपचार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं तथा मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सार्वजनिक उपक्रमों के सहयोग से क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में सशक्त अभियान चलाया जा रहा है और “निक्षय निरामय मित्र” जैसी पहल के माध्यम से मरीजों की पहचान और उपचार को सुनिश्चित किया जा रहा है।

मंत्री देवांगन ने जानकारी दी कि जिले में क्षय रोगियों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है और वर्तमान में एक सौ एक ग्राम पंचायतें क्षय रोग मुक्त घोषित हो चुकी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर प्रयासों से जल्द ही कोरबा जिले को पूर्णतः क्षय रोग मुक्त बनाया जा सकेगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति में क्षय रोग के लक्षण दिखाई दें तो प्रारंभिक अवस्था में ही जांच कराकर उपचार प्रारंभ कराना चाहिए। जिले के सभी शासकीय और निजी अस्पतालों में उपचार की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने क्षय रोगियों के उपचार में परिवार, समाज और सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी बल दिया और सभी से सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को क्षय रोग मुक्त भारत बनाने के लिए संकल्प भी दिलाया।


कार्यक्रम के दौरान जिले की क्षय रोग मुक्त घोषित पंचायतों को प्रमाण पत्र और गांधी प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही क्षय रोग उन्मूलन में सहयोग देने वाले सार्वजनिक उपक्रमों, समाजसेवी संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बीस क्षय रोगियों को पोषण सहयोग के लिए निक्षय किट प्रदान की गई, जिससे उनके उपचार में सहायता मिल सके।


नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने कहा कि क्षय रोग से संबंधित जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार संभव हो सके। उन्होंने कहा कि क्षय रोग के लक्षणों की प्रारंभिक पहचान बहुत महत्वपूर्ण है और मरीजों को उचित उपचार के साथ-साथ परिवार और समाज के सहयोग की भी आवश्यकता होती है। समय पर जांच, उपचार और पोषण सहयोग के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जागरूक बनने और क्षय रोग मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस एन केशरी, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी बी आर रात्र, लायंस क्लब के अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, क्षय रोग मुक्त पंचायतों के सरपंच, मितानिन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






