शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने युद्ध स्तर पर चले अभियान: कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बालोद, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध पंप कनेक्शनों पर कार्रवाई के आदेश
बालोद 21 मार्च 2026 को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जिले में पेयजल एवं निस्तारी के लिए पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में आम नागरिकों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने अवैध पंप कनेक्शन धारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बैठक में जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए इसमें और अधिक तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने जिला खनिज न्यास संस्थान की राशि के उपयोग के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को इसका अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में राजस्व पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत बालोद जिले में प्रथम चरण में 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इस दौरान आम जनता की राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 25 मार्च को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत बलौदा बाजार-भाटापारा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही संयुक्त जिला कार्यालय में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और लाभान्वित हितग्राही शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से जुड़कर लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद करेंगे। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






