रायगढ़ में अफीम की अवैध खेती पर प्रशासन का बड़ा प्रहार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रायगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
72 घंटे में तमनार से लैलूंगा तक कार्रवाई, ड्रोन सर्वे से खुला अवैध खेती का राज
रायगढ़ 23 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में बीते 72 घंटों के भीतर तमनार क्षेत्र के आमाघाट से लेकर लैलूंगा विकासखंड के ग्राम नवीन घटगांव और मुड़ागांव तक अफीम की अवैध खेती के मामलों का भंडाफोड़ किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन जांच और संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसके लिए जिले के सभी अनुविभागों में व्यापक ड्रोन सर्वे अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ सहित कई क्षेत्रों के कुल 74 गांवों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई है। आधुनिक तकनीक की मदद से दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर ने बताया कि पिछले एक से डेढ़ सप्ताह से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों का गहन विश्लेषण और सर्वे किया जा रहा था। इस दौरान अफीम की अवैध खेती के दो मामले सामने आए थे, जबकि आज दोपहर तीसरा मामला भी प्रकाश में आया है। सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मादक पदार्थों की अवैध खेती गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा ड्रोन सर्वे, सघन जांच और संयुक्त कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने बताया कि 19 मार्च को मुखबिर से मिली सूचना पर तमनार क्षेत्र के आमाघाट में छापेमारी की गई, जहां सब्जी की खेती की आड़ में अफीम की खेती की जा रही थी। मौके से लगभग 60 हजार 326 पौधे बरामद किए गए जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में झारखंड निवासी मुख्य आरोपी मार्शल सांगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पूरी फसल को उखाड़कर जब्त किया गया और रोटावेटर तथा जेसीबी की सहायता से खेत को नष्ट कर समतल किया गया।
इसके बाद 23 मार्च को ड्रोन और फिजिकल सर्वे के दौरान लैलूंगा तहसील के ग्राम नवीन घटगांव में भी अवैध खेती का मामला सामने आया। यहां भूमिस्वामी सादराम नाग द्वारा साग-भाजी की खेती के बीच अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने फसल जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं गांव के ही अभिमन्यु नागवंशी के घर से सूखी अफीम की फसल भी बरामद की गई। टीम के पहुंचने पर आरोपी द्वारा साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
लैलूंगा क्षेत्र के मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी से पूछताछ में लगभग पांच डिसमिल भूमि पर संदिग्ध फसल उगाने की जानकारी मिली है। उसके घर से पेड़, पत्तियां और सूखे तने के अवशेष बरामद कर जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस नारकोटिक्स अधिकारियों के संपर्क में है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






