सप्तदेव मंदिर में धर्म संवाद: गुरुकुल स्थापना और हिंदू एकजुटता पर हुआ मंथन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
हिंदू नारायणी सेना की बैठक में पुजारियों व धर्मगुरुओं ने लिया संकल्प धार्मिक शिक्षा, संस्कार और संगठन को मिलेगा बढ़ावा
कोरबा। ऊर्जा नगरी कोरबा के सीतामढ़ी मुख्य मार्ग स्थित सत्यदेव मंदिर में हिंदू नारायणी सेवा द्वारा एक विशेष धर्म संवाद और धर्म चिंतन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में हिंदू धर्म के संरक्षण, सामाजिक समरसता और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में शहर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों के पुजारी, धर्मगुरु और संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और हनुमान चालीसा के पाठ के साथ की गई, जिसके बाद धर्म संवाद का क्रम प्रारंभ हुआ।
संगठन के प्रमुख अरविंद अग्रवाल ने बताया कि हिंदू धर्म में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, मंदिरों में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन बढ़ाने और नई पीढ़ी को संस्कारित शिक्षा देने के उद्देश्य से गुरुकुल स्थापना पर गंभीर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बच्चों को धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए गुरुकुल की अवधारणा को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 की प्रतिपदा और चैत्र नवरात्रि के अवसर पर शहर के मंदिरों के साथ-साथ सभी हिंदू परिवार अपने घरों में भगवा ध्वज लगाएं और दीप प्रज्वलित कर सनातन परंपराओं का सम्मान करें।
साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे किसी भी प्रकार के कंटेंट से बचा जाए, जो समाज में विरोधाभास या विवाद की स्थिति उत्पन्न कर सकता हो। बैठक में यह प्रस्ताव भी रखा गया कि प्रत्येक मंगलवार को संध्या आरती के समय मंदिरों में हिंदू समाज की सामूहिक उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे धार्मिक एकता और सामाजिक संगठन को मजबूती मिल सके।

बैठक में शहर के कई मंदिरों के धर्मगुरु एवं पुजारी शामिल हुए, जिनमें शारदा विहार शिव मंदिर, सुभाष ब्लॉक हनुमान मंदिर, मुड़ापार हनुमान मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित वैष्णो दरबार मंदिर, डी.डी.एम. रोड राम दरबार मंदिर, दर्री रोड लक्ष्मी नारायण मंदिर, सीतामढ़ी सप्तदेव मंदिर तथा श्याम मंदिर सहित अन्य मंदिरों के धर्मगुरु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी धर्मगुरुओं और संगठन पदाधिकारियों ने हिंदू समाज को संगठित करने, धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा देने और गुरुकुल स्थापना की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और बेबाक खबरों के साथ
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






