महापौर संजू देवी राजपूत ने किया एचपीवी टीकाकरण और शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण, बच्चों को विटामिन ए और आयरन फोलिक अम्ल की खुराक दी जाएगी
कोरबा नगर में रानी धनराज कुंवर देवी शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी टीकाकरण तथा शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ नगरपालिक निगम की महापौर संजू देवी राजपूत के द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक राज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे, ज्योत्सना ग्वाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क लगाया जाएगा। यह टीका विशेष रूप से किशोरियों के लिए प्रभावी माना जाता है। टीकाकरण के लिए वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो लेकिन 15 वर्ष का जन्मदिन न मनाया हो। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होगा, जबकि पहचान पत्र नहीं होने की स्थिति में अभिभावक का हस्ताक्षरित शपथपत्र भी स्वीकार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का पंजीयन यू-विन पोर्टल पर किया जाएगा और उन्हें डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक लाभार्थी को टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा तथा प्रत्येक सत्र में चिकित्सक की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। जिले में कुल 13 हजार 892 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया जाएगा।
शिशु संरक्षण माह के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शिशु स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों की गतिविधियों को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों तथा टीकाकरण केंद्रों में आयोजित सत्रों में 9 माह से 59 माह तक के बच्चों को विटामिन ए तथा 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आयरन फोलिक अम्ल का सिरप पिलाया जाएगा।

जिले में 0 से 59 माह के 1 लाख 21 हजार 246 बच्चों को विटामिन ए की खुराक तथा 6 से 59 माह के 1 लाख 28 हजार 378 बच्चों को आयरन फोलिक अम्ल का सिरप दिया जाएगा। इसके साथ ही टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों का नियमित टीकाकरण, एनीमिया की जांच और स्तनपान संवर्धन से संबंधित गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं शिशु संरक्षण माह के दौरान बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण, विटामिन ए की खुराक, आयरन फोलिक अम्ल और पोषण संबंधी सेवाओं की उपलब्धता से बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।

महापौर, कलेक्टर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की पात्र किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में लाएं तथा 0 से 59 माह तक के बच्चों को आंगनबाड़ी या स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाकर आयु अनुसार विटामिन ए और आयरन फोलिक अम्ल की खुराक दिलवाएं। साथ ही स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की सच्चाई उजागर करने वाला वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






