मनरेगा के चेक डैम निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, जनपद CEO ने बैठाई जांच
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
संवाददाता
14.67 लाख की लागत से बन रहे चेक डैम में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत, तीन दिन में मांगी गई रिपोर्ट
सारंगढ़-बिलाईगढ़ ACGN:- जिले के ग्राम पंचायत मुड़पार छोटे में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत बन रहे चेक डैम निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। निर्माण में मानक सामग्री के स्थान पर बजरी और डस्ट के उपयोग की शिकायत सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है और प्रशासन ने इस पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि लगभग 14 लाख 67 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस चेक डैम में गुणवत्ता के साथ समझौता किए जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई थी। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए गए कि निर्माण में तय मानकों के अनुसार रेत और गिट्टी के बजाय बजरी और डस्ट का उपयोग किया जा रहा था, जिससे निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद जनपद पंचायत सारंगढ़ के अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सारंगढ़ ने पूरे मामले की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को जिम्मेदारी सौंपते हुए तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

आदेश में यह भी कहा गया है कि निर्माण कार्य की जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर तकनीकी सहायक की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच की जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाए।
इधर ग्रामीणों में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि जनहित के कार्यों का वास्तविक लाभ गांवों तक पहुंच सके। अब सभी की निगाहें जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं कि आखिर इस मामले में सच्चाई क्या सामने आती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल, अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






