अवैध कबाड़ यार्डों और अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर, कई जगह बड़ी कार्रवाई
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कोरबा ACGN:- कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर में अवैध कबाड़ कारोबार और शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

प्रशासन की टीम ने विभिन्न स्थानों पर शासकीय भूमि पर कब्जा कर संचालित किए जा रहे कबाड़ यार्डों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इस सख्त कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया और अवैध कारोबारियों में खलबली देखी गई।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन की टीम ने राताखार क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू द्वारा लगभग 70 डिसमिल शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाए गए दो कबाड़ यार्डों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया।

मौके पर बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री का भंडारण पाया गया। इसके साथ ही उसी स्थान पर बाउंड्री से घिरे तीन मंजिला मकान की बाउंड्रीवाल को भी तोड़ दिया गया। प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति को मकान से अपना सामान हटाने के लिए एक दिन का समय दिया है और चेतावनी दी है कि तय समय के बाद शासकीय जमीन पर बने पूरे अवैध निर्माण को भी हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

इसी तरह मुड़ापार रामनगर क्षेत्र में कबाड़ व्यवसायी तनवीर द्वारा लगभग एक-एक एकड़ शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाए गए दो बड़े कबाड़ यार्डों पर भी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया।

यहां लंबे समय से अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार संचालित किया जा रहा था और आसपास के क्षेत्र में भी इससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी।


वहीं झगरहा बस्ती क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी सियाराम और मदनलाल अग्रवाल द्वारा लगभग 50 डिसमिल जमीन पर बनाए गए दो कबाड़ यार्डों को भी प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों द्वारा जमीन को निजी भूमि बताते हुए आपत्ति भी दर्ज कराई गई। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों सहित परिवार का हवाला देकर मोहलत मांगी गई
इस पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्हें अवैध कब्जा हटाने और कबाड़ सामग्री हटाने के लिए दो दिनों की मोहलत दी है। निर्धारित समय के भीतर कब्जा नहीं हटाने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शासकीय जमीनों पर कब्जा कर बिना अनुमति संचालित हो रहे कबाड़ यार्डों और अन्य अतिक्रमणों की पहचान की जा रही है और ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदीप मिश्रा
देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
हम लाते हैं निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






