गौ माता को मिले राष्ट्र माता का दर्जा, गौ हत्या पर लगे पूर्ण प्रतिबंध: त्यागी जी महाराज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
गौ संरक्षण, जैविक खेती और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए युवाओं से संगठन से जुड़ने की अपील
राजनांदगांव ACGN:- राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र के मुरमुंडा स्थित शनि धाम आश्रम के महंत और गोरखनाथ युवा वाहिनी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री त्यागी जी महाराज ने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला है, इसलिए उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
त्यागी जी महाराज ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गौ संरक्षण के उद्देश्य से सुरभि गौधाम की शुरुआत की गई है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि इससे पहले पूर्ववर्ती सरकार द्वारा गौठान योजना की शुरुआत की गई थी, लेकिन कई स्थानों पर इसे सही तरीके से संचालित नहीं किया गया। अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने की प्रवृत्ति के कारण कई गौठान सफल नहीं हो सके और लाखों टन गोबर यूं ही नष्ट हो गया।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार गौधाम और गौठान योजनाओं को सफल बनाना चाहती है तो इसकी जिम्मेदारी ऐसे लोगों को दी जानी चाहिए जो वास्तव में गौ सेवा के प्रति समर्पित हों। इसके साथ ही शासन को नियमित रूप से इन योजनाओं की समीक्षा भी करनी चाहिए ताकि उनका उद्देश्य पूरा हो सके।
त्यागी जी महाराज ने बताया कि उनका संगठन गोरखनाथ युवा वाहिनी हर जिले में एक आदर्श मॉडल गौधाम स्थापित करने के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए संगठन को भूमि की आवश्यकता होगी और यदि शासन की ओर से सहयोग मिलता है तो इसे एक मॉडल गौधाम के रूप में विकसित किया जा सकता है। इस मॉडल के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे तथा गौ आधारित आजीविका के विभिन्न तरीके बताए जाएंगे। साथ ही जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर जिम्मेदारी दी जा सकती है या जो इच्छुक लोग गौ सेवा के लिए आगे आना चाहते हैं उन्हें अवसर दिया जाए। किसी एक स्थान से शुरुआत कर उनके कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए ताकि इसे सफल मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके।
अंत में त्यागी जी महाराज ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि देसी संस्कृति, सनातन धर्म, गौ माता की सेवा और प्लास्टिक मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने के लिए युवा आगे आएं और संगठन से जुड़कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि संस्कार और भारतीय संस्कृति को बचाए रखने के लिए समाज के जागरूक युवाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। संगठन से जुड़ने के इच्छुक लोग महंत त्यागी जी महाराज, शनि धाम मुरमुंडा आश्रम, डोंगरगढ़, छत्तीसगढ़ में संपर्क कर सकते हैं।
महंत त्यागी जी महाराज, शनि धाम मुरमुंडा आश्रम, डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव छत्तीसगढ़
मो. नं 9244373590
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






