उपभोक्ताओं की जागरूकता से ही उपभोक्ता संरक्षण की सार्थकता सिद्ध होगी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
सिपेट में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन, छात्रों को उपभोक्ता अधिकारों की दी जानकारी
कोरबा ACGN:- कोरबा जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा कटघोरा विकासखंड अंतर्गत केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को उपभोक्ता संरक्षण कानून, उनके अधिकारों तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार जिला उपभोक्ता आयोग कोरबा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को उनके अधिकारों और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष रंजना दत्ता तथा सदस्य ममता दास और पंकज कुमार देवड़ा ने विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों और हितों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सिपेट के प्रबंधक राजीव कुमार लिल्हारे ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नाटक के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोग के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण उपभोक्ताओं और विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता जागरूकता ही शोषण से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
शिविर में त्रुटिपूर्ण वस्तुओं, सेवाओं में कमी तथा अनुचित व्यापारिक प्रचलनों जैसे मामलों से उपभोक्ताओं को कैसे सुरक्षा मिल सकती है, इसकी जानकारी भी दी गई। साथ ही ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और ई-हियरिंग प्रणाली के बारे में बताया गया, जिससे उपभोक्ता घर बैठे डिजिटल माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं और सुनवाई में ऑनलाइन शामिल हो सकते हैं।

विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी वस्तु को खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट, एमआरपी और गुणवत्ता चिन्ह जैसे आईएसआई या एगमार्क अवश्य जांचें तथा खरीदारी का पक्का बिल लेना जरूरी है। जिला आयोग में शिकायत दर्ज कराने के लिए वाद मूल्य के आधार पर निर्धारित शुल्क की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आयोग के कर्मचारी रामायण पटेल, मनीराम श्रीवास, राजेश्वर इंग्ले सहित सिपेट के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्वेता जांगड़े ने किया।
नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
सिपेट के छात्र-छात्राओं ने नाटक और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता का संदेश दिया। नाटकों में सोशल मीडिया और बैंकिंग से जुड़ी ठगी, एमआरपी की जांच, रसीद लेने और मिलावटी सामान के खिलाफ आवाज उठाने जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए “जागो ग्राहक जागो” का संदेश दिया गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ जनहित की पत्रकारिता
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा






