एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जिला – सूरजपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित लंबित मांगों के निराकरण का किया अनुरोध, मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा
सूरजपुर ACGN:- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके विधानसभा कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से एनएचएम कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा अन्य महत्वपूर्ण मांगों के शीघ्र समाधान का आग्रह किया।

एनएचएम कर्मचारी संघ के सूरजपुर जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पूर्व में की गई घोषणाओं तथा मोदी की गारंटी के तहत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की अपेक्षा की जा रही है और संघ ने सरकार से इन मांगों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सुशासन की सरकार कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है और सरकार कर्मचारियों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध तरीके से उनका निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

ज्ञात हो कि एनएचएम कर्मचारियों ने अनुकंपा नियुक्ति, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने, स्थानांतरण नीति, नई मानव संसाधन नीति तथा नियमित भर्ती में एनएचएम कर्मचारियों को अनुभव का अंक देने सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 33 दिनों तक आंदोलन किया था, जिसे सरकार के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया था।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी, संघ के प्रवक्ता एवं बेमेतरा जिलाध्यक्ष पुरन दास, प्रदेश सलाहकार दिनेश खर्कवाल, दुर्ग जिलाध्यक्ष डॉ. आलोक शर्मा, मोहला-मानपुर जिलाध्यक्ष संतोष चंदेल, गरियाबंद जिलाध्यक्ष अमृत राव भोसले सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों तथा जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






