कटघोरा ब्लॉक के सीएचओ की समीक्षा बैठक संपन्न
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरबा, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा, टीबी खोज अभियान सहित विभिन्न योजनाओं को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
कोरबा ACGN:- कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी में 11 मार्च 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में कटघोरा ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान समस्त जिला नोडल अधिकारी, डीपीएम, जिला सलाहकार, बीपीएम कटघोरा और कटघोरा ब्लॉक के सभी सीएचओ उपस्थित रहे।

बैठक में तपेदिक (टीबी) नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ ने आगामी 24 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले 100 दिवसीय टीबी खोज अभियान की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। इसके तहत सभी मितानिनों को प्रशिक्षण देने तथा हाई रिस्क गांवों के लोगों की जानकारी निक्षय पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पोर्टल में अब तक की एंट्री संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दो दिनों के भीतर सभी लंबित प्रविष्टियां पूर्ण करने को कहा गया। साथ ही जिन स्थानों पर एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध है वहां जांच रिपोर्ट को तत्काल पोर्टल में अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान आरसीएच पोर्टल में दर्ज आंकड़ों का शत प्रतिशत सत्यापन कर सभी गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कटघोरा ब्लॉक की उपलब्धि अन्य ब्लॉकों की तुलना में कम पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी गर्भवती माताओं की कम से कम चार बार जांच कराने, उन्हें 100 प्रतिशत आयरन फोलिक एसिड और कैल्शियम की गोलियां उपलब्ध कराने तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी करने को कहा गया। ऐसे मामलों में पीएसएमए दिवस पर महिला रोग विशेषज्ञ से जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसे गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी पंजीकृत लोगों की शत प्रतिशत स्क्रीनिंग करने तथा निदान किए गए मरीजों का नियमित फॉलोअप कर रोग नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मेंटल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत शराब और तंबाकू का सेवन करने वाले व्यक्तियों की भी स्क्रीनिंग करने को कहा गया।
समीक्षा के दौरान **सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सोनपुरी, बिरदा, भिलाईबाजार, रंजना, दीपका और प्रगतिनगर क्षेत्रों में स्क्रीनिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं सियान जतन कार्यक्रम के अंतर्गत नेहरूनगर, देवरी, दीपका और नवागांवकला की रिपोर्ट एंट्री लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सभी डेटा पोर्टल में दर्ज करने को कहा गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी छूटे हुए नागरिकों का आभा आईडी बनाया जाए और उसे एनसीडी पोर्टल से लिंक किया जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लोगों तक सुचारू रूप से पहुंच सके। स्वास्थ्य अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने और क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक और सच्ची खबरों और जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारिता के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल — अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






