“एक भारत श्रेष्ठ भारत” के तहत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज का 14वां चरण बिलासपुर में शुरू
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
गुजरात के पोरबंदर से आए 15 पुलिस अधिकारी 20 दिनों तक बिलासपुर रेंज की पुलिसिंग व्यवस्था का करेंगे अध्ययन
बिलासपुर:“एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज के 14वें चरण की शुरुआत बिलासपुर में हो गई है। इस कार्यक्रम के तहत गुजरात पुलिस के जिला पोरबंदर से 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दल 10 मार्च 2026 को बिलासपुर पहुंचा। आगमन पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दल का औपचारिक स्वागत करते हुए सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर अधिकारियों को बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक और जनसहभागिता के माध्यम से कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है।

आगामी 20 दिनों के दौरान पोरबंदर से आए अधिकारी और कर्मचारी बिलासपुर रेंज तथा विशेष रूप से जिला बिलासपुर में पुलिस की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगे। इस दौरान थाना और चौकी व्यवस्था, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, जिले की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रकृति तथा अपराध रोकथाम के उपायों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिले में संचालित “चेतना अभियान” सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम और नागरिक सहभागिता के प्रयासों से भी अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थलों तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे राज्य की सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक व्यवस्था की समग्र जानकारी प्राप्त हो सके।

साथ ही पुलिस के सहयोगी तंत्र जैसे रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के समन्वित कार्यों के माध्यम से अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया से भी अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर रेंज के विभिन्न जिलों की पुलिसिंग गतिविधियों का भी अवलोकन कराया जाएगा, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच श्रेष्ठ कार्यों का आदान-प्रदान हो सके और आधुनिक तथा प्रभावी पुलिसिंग को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष, निर्भीक, सच्ची खबरों के साथ जनहित की पत्रकारिता
अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






