पक्की छत ने बदली जिंदगी, श्रमिक अर्जुन के चेहरे पर लौटी मुस्कान
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कोरिया (बैकुंठपुर), छत्तीसगढ़
By ACGN 7647981711, 9303948009
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला अपना घर, हर मौसम में सुरक्षा के साथ बढ़ा आत्मविश्वास
कोरिया ACGN:- 24 फरवरी 2026 को बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत उमझर निवासी अर्जुन की कहानी आज ग्रामीण अंचल में बदलाव की मिसाल बन गई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान मिला और वर्षों का सपना साकार हो गया। जो परिवार कभी कच्चे और जर्जर घर में डर के साए में जीवन बिताता था, आज वही परिवार सुरक्षित पक्की छत के नीचे सम्मान के साथ रह रहा है।
ग्राम पंचायत उमझर के किसान मजदूर अर्जुन पिता सुखदेव का जीवन पहले काफी संघर्षपूर्ण था। रोज की मजदूरी ही परिवार के भरण-पोषण का सहारा थी। सीमित आय और बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच कच्चा मकान हर बरसात में परेशानी का कारण बन जाता था। दीवारों से पानी रिसता था, छत टपकती थी और घर गिरने का डर हर समय बना रहता था। हर साल मरम्मत में खर्च होने वाली राशि से उनकी छोटी-सी बचत भी खत्म हो जाती थी।

वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अर्जुन को एक लाख बीस हजार रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में मिली। अपनी मेहनत की कुछ बचत जोड़कर उन्होंने निर्धारित समय में मजबूत दीवारों और सुरक्षित छत वाला पक्का घर बना लिया। अब उनके परिवार को हर मौसम में सुरक्षा मिल रही है और रातें सुकून से गुजर रही हैं।
इसके साथ ही मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी तथा स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत शौचालय निर्माण की सुविधा भी मिली, जिससे उनके जीवन में स्वच्छता और सम्मान दोनों जुड़े हैं।
आज अर्जुन कहते हैं कि पक्का घर मिलने से उनका आत्मविश्वास कई गुना बढ़ गया है। अब बारिश डर नहीं बल्कि सामान्य मौसम बन गई है। वे अपने गांव के अन्य जरूरतमंद परिवारों को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ताकि हर गरीब परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल सके।
प्रदीप मिश्रा
निष्पक्ष निर्भीक और सच्ची खबरों के साथ देश में तेजी से बढ़ता विश्वसनीय वेब पोर्टल अंजोर छत्तीसगढ़ न्यूज़
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






